पाक: सांप्रदायिक हिंसा में 14 की मौत - Zee News हिंदी

पाक: सांप्रदायिक हिंसा में 14 की मौत

 

इस्लामाबाद : उत्तरी पाकिस्तान के गिलगित-बाल्टिस्तान शहर में सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गयी और करीब 50 अन्य घायल हो गये। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सेना को बुलाया गया और कर्फ्यू लगाया गया।

 

पुलिस ने यह जानकारी देते हुए कहा कि गिलगित-बालतिस्तान क्षेत्र की राजधानी गिलगित में 10 बजे सुबह हुए संघर्षों के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया। प्रशासन ने लोगों से घर से बाहर ना निकलने के लिए कहा है।
अह्ले सुन्नत वल जमात नाम के कट्टरपंथी सुन्नी समूह ने सरकार से अपने कुछ समर्थकों की रिहाई के लिए दबाव बनाने के लिये गिलगित में हड़ताल का आह्वान किया था। इस समूह के कार्यकर्ताओं को एक विरोधी समूह के जुलूस में शामिल लोगों पर गोली चलाने के संबंध में गिरफ्तार किया गया था।

 

आज सुबह गिलगित में कुछ जगहों पर इन्हीं दोनों विरोधी समूहों के लोगों ने एक दूसरे पर हमले किये। यह हिंसा तब शुरू हुई जब सुन्नी समूह के समर्थकों ने सड़कों पर टायर जलाये और जबरदस्ती दुकानदारों की दुकानें बंद करायीं ।

 

पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि गिलगिट शहर में शिया एवं सुन्नी समुदाय के बीच झड़प के दौरान एक ग्रेनेड हमले और गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गयी और 27 अन्य घायल हुए। वहीं दो टीवी समाचार चैनेलों ने अपनी खबरों में लगभग 50 लोगों के घायल होने की बता कही है। घायलों में कई पुलिस वाले भी शामिल हैं।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि हथियारबंद लोगों ने कर्फ्यू लगने के बाद भी एक दूसरे पर गोलीबारी की।
पिछले महीने गिलगित के पास कोहिस्तान इलाके में आतंकियों ने अल्पसंख्यक शिया समुदाय के 18 लोगों की हत्या कर दी थी। एक शिया विरोधी समूह जूनदुल्लाह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। गिलगित-बलतिस्तान में इस घटना के बाद से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।  (एजेंसी)

First Published: Tuesday, April 3, 2012, 23:32

comments powered by Disqus