Last Updated: Saturday, August 17, 2013, 15:44
क्वेटा : पाकिस्तान के अशांत दक्षिण पश्चिम बलूचिस्तान प्रांत में एक ट्रेन पर हमले की घटना के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान आठ उग्रवादियों को मार गिराया। बोलन जिले के उपायुक्त अब्दुल वहीद शाह ने बताया, सुरक्षाबलों ने मच्छ और कोलपुर की पहाड़ियों में गहन तलाशी अभियान शुरू किया था। इस दौरान उन्होंने आठ उग्रवादियों को मार गिराया। उग्रवादियों द्वारा बोलन जिले में कल रावलपिंडी जा रही जफर एक्सप्रेस ट्रेन में किए गए हमले के बाद यह तलाशी अभियान शुरू किया गया था। इस हमले में चार यात्रियों की मौत हो गई थी और महिलाओं तथा बच्चों सहित 27 लोग घायल हो गए थे। हमले के बाद सुरक्षाबलों और सशस्त्र उग्रवादियों के बीच भीषण संघर्ष हुआ।
शाह ने बताया, उग्रवादियों और सुरक्षाबलों के बीच भारी गोलीबारी हुई क्योंकि पहाड़ी इलाके में उग्रवादी सुरक्षाबलों के खोज अभियान में बाधा डाल रहे थे। सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच गोलीबारी करीब पांच घंटे तक चली थी। इस सशस्त्र संघर्ष के बाद स्थिति को काबू में करने के लिए और अधिक बलों को बुलाया गया था।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के मुताबिक खोज अभियान में हेलीकॉप्टरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। अभियान अभी भी जारी है। उन्होंने बताया, दो हेलीकॉप्टर मच्छ के पहाड़ी क्षेत्र और बोलन के अन्य इलाकों के उपर चक्कर लगा रहे हैं। बलूचिस्तान और देश के अन्य इलाकों के बीच ट्रेन सेवा फिलहाल रद्द कर दी गई है। हालांकि जफर एक्सप्रेस के इंजन को बदलने के बाद उसे रावलपिंडी तक चलाया जा रहा है।
इस बीच सुरक्षा कारणों के चलते कराची से क्वेटा जाने वाली बोलन मेल को भी नसीराबाद के नोटल क्षेत्र में रोक दिया गया है। एक यात्री ने कहा, हमें यहां से प्रस्थान के लिए पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा। करीब एक सप्ताह पहले ही सुरक्षा कर्मियों की वर्दी पहने बलूच उग्रवादियों ने मच्छ के समीप एक नकली सुरक्षा चौकी पर बसों को रोक कर 13 नागरिकों की हत्या कर दी थी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, August 17, 2013, 15:44