पाक से सैन्‍य वार्ता जारी रखेगा अमेरिका - Zee News हिंदी

पाक से सैन्‍य वार्ता जारी रखेगा अमेरिका

 

वाशिंगटन : अमेरिका ने कहा है कि वह गंभीर अवरोधों के बावजूद पाकिस्तान के साथ सैन्य वार्ता जारी रखेगा, क्योंकि दोनों देशों के संबंध बहुत महत्वपूर्ण हैं।

 

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अमेरिकी रक्षा विभाग के प्रवक्ता जॉर्ज लिटिल के हवाले से बताया कि अमेरिका ने 26 नवंबर की घटना की गहराई से जांच कराई थी, जिसमें नाटो हमले में 24 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे। प्रवक्ता ने बताया कि अमेरिका ने इस घटना को लेकर पाकिस्तानी लोगों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की है।

 

उन्होंने कहा कि हमने जो गलती की उसे हमने स्वीकार किया और उसकी जिम्मेदारी ली। अमेरिका ने मृत पाकिस्तानी सैनिकों को मुआवजे का भी प्रस्ताव रखा। संबंध सुधारने की अमेरिका की कोशिशों के बावजूद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान जाने वाली नाटो की आपूर्ति को रोक दिया और अमेरिका से शम्सी हवाई अड्डे को खाली करा दिया।

 

उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि पाकिस्तान जमीनी मार्ग से होने वाली आपूर्ति के मार्ग को फिर से खोल देगा। लिटिल ने कहा कि पाकिस्तान के सभी स्तरों पर संबंध महत्वपूर्ण हैं। हम जानते हैं कि कुछ समस्याएं हैं। हम संबंध सुधारने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 4, 2012, 12:58

comments powered by Disqus