Last Updated: Thursday, March 29, 2012, 06:40
क्वेटा : पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में अज्ञात बंदूकधारियों ने गुरुवार को अल्पसंख्यक शिया समुदाय के पांच लोगों और एक एनजीओ के दो कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस और डॉक्टरों ने कहा कि बाइक पर सवार बंदूकधारियों ने ब्लूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में एक वैन पर गोली चलाई जिसमें पांच लोग मारे गए। इस बीच शिया समूहों ने कहा कि जो लोग मारे गए वे सभी शिया समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने इस हमले को निशाना बनाकर की गई हत्या करार दिया। पुलिस ने कहा कि मारे गए लोग वैन में सवार होकर स्पिनी रोड से काम पर जा रहे थे। डॉक्टरों ने कहा कि मृतकों में एक महिला भी है। इन लोगों को दो अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने कहा कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है। हमले के बाद बंदूकधारी फरार हो गया। इस हमले के लिए किसी भी गुट ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में बंदूकधारी ने एक स्थानीय एनजीओ के वाहन पर हमला किया और उसके दो कर्मचारियों की हत्या कर दी। इस हमले के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। इन हमलों से क्रुद्ध शिया समुदाय के लोग क्वेटा में सड़कों पर उतर आए और उन्होंने व्यस्त बारोरी रोड पर धरना-प्रदर्शन किया।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, March 29, 2012, 16:10