Last Updated: Monday, August 27, 2012, 22:28
इस्लामाबाद : दक्षिण पश्चिमी पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में जातीय हमले में तीन लोगों मारे गए जबकि बंदूकधारियों द्वारा बस को निशाना बनाकर किए गए हमले में पांच अन्य लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार दो बंदूकधारियों ने क्वेटा के बाहरी हिस्से में स्थित स्पिनी रोड पर सोमवार दोपहर एक टैक्सी पर अंधाधुंध गोलीबारी की। तीन लोगों की तत्काल मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हुए।
घायलों को नजदीकी बोलन मेडिकल हॉस्पिटल में ले जाया गया।
बंदूकधारी गोलीबारी के बाद भाग गए। पुलिस अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सभी पीड़ित हजारा शिया हैं।
उन्होंने कहा कि घटना से इलाके में तनाव पैदा हो गया है। किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
हजारा डेमोक्रेटिक पार्टी ने हमले की जोरदार शब्दों में निंदा की।
क्वेटा और आस-पास के इलाकों में हजारा शियाओं पर कई हमले देखने को मिले हैं। हमलों में अल्पसंख्यक समुदाय के कई सदस्य मारे गए हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 27, 2012, 22:28