Last Updated: Wednesday, January 9, 2013, 08:24

इस्लामाबाद : पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पार कर दो भारतीय सैनिकों की हत्या कर दिये जाने से जुड़े भारतीय सेना की दलील को खारिज करते हुए कहा कि इस आरोप का उद्देश्य सप्ताहांत में हुई एक अन्य घटना से ध्यान हटाना है।
पाकिस्तानी सेना के एक अधिकारी ने नियंत्रण रेखा पर बेवजह गोलीबारी किये जाने के भारत के आरोप को खारिज कर दिया। अधिकारी ने बताया कि ऐसा लगता है कि भारत रविवार को भारतीय सैनिकों द्वारा एक पाकिस्तानी चौकी पर किये गए हमले से ध्यान भटकाने के लिए यह दुष्प्रचार कर रहा है। उन्होंने बताया कि हमले में एक पाकिस्तानी सैनिक की मौत हो गई थी।
अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों ने कमांडरों के साथ जमीनी स्तर पर छानबीन की और पाया कि पाकिस्तानी बलों ने नियंत्रण रेखा पार नहीं की है और ना ही कोई हमला किया है।
भारतीय रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तानी बलों द्वारा दो सैनिकों की हत्या को उकसाने वाली कार्रवाई करार दिया और कहा नयी दिल्ली इस मुद्दे को इस्लामाबाद के समक्ष उठाएगा। भारत और पाकिस्तान ने 2003 के आखिर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम लागू किया गया था। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, January 9, 2013, 08:24