Last Updated: Monday, February 27, 2012, 09:45

मास्को: रूस और यूक्रेन की सुरक्षा एजेंसियों ने रूस में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले रूसी प्रधानमंत्री व्लादिमीर पुतिन की हत्या की साजिश का खुलासा कर उसे नाकाम कर दिया है। समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' के अनुसार, षड्यंत्रकारी अपराधियों के गिरोह को यूक्रेन के शहर ओडेसा में हिरासत में लिया गया। वे पहले से ही वांछित अंतर्राष्ट्रीय अपराधियों की सूची में शामिल थे। सरकारी टीवी चैनल 'वन' के अनुसार, गिरोह रूस में चार मार्च को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के ठीक बाद मास्को में पुतिन की हत्या का षड्यंत्र बना रहा था।
बताया जाता है कि चेचन विद्रोहियों के कथित सरगना एडम ओस्मायेव ने स्वीकार किया है कि यह षड्यंत्र दोकु उमारोव के आदेश पर किया गया था, जो उत्तरी काकेशस क्षेत्र में रूस के शासन के खिलाफ आंदोलनरत इस्लामालिक गतिविधियों का अमीर है। चैनल 'वन' ने ओस्मायेव को हिरासत में यह कहते हुए दिखाया है कि अंतिम लक्ष्य मास्को की यात्रा और प्रधानमंत्री पुतिन की हत्या था।
पुतिन ने हालांकि सोमवार को इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की, लेकिन उनके प्रवक्ता दमित्र पेस्कोव ने इसकी पुष्टि की कि हत्या की साजिश वास्तविक थी। इससे पहले विशेष बलों ने इस साल जनवरी में एक अपार्टमेंट में विस्फोट के सिलसिले में दो षड्यंत्रकारियों को गिरफ्तार किया था, जिससे इस दिशा में अधिक जानकारी मिली।
(एजेंसी)
First Published: Monday, February 27, 2012, 19:31