पुतिन ने चुनाव को बताया निष्पक्ष - Zee News हिंदी

पुतिन ने चुनाव को बताया निष्पक्ष



मास्को : रूस के प्रधानमंत्री व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को संसदीय चुनावों में धांधली होने के आरोपों को खारिज कर दिया और अपने इस्तीफे की मांग करने वाले विरोध प्रदर्शनों के आयोजकों पर पश्चिमी शक्तियों के साथ मिलकर देश को कमजोर करने का आरोप लगाया।

 

रूसी नागरिकों के साथ सालाना फोन से बातचीत कार्यक्रम में पुतिन ने कहा कि चार दिसंबर को संसदीय चुनाव के नतीजों से विपक्ष के नाखुश होने में कुछ भी नया नहीं है। पुतिन ने कहा कि अपने 12 साल के शासन के खिलाफ प्रदर्शन होने से वह खुश हैं लेकिन उन्होंने संसदीय चुनाव में धांधली के विपक्ष के आरोपों को खारिज किया। चुनाव में उनकी यूनाइटेड रशिया पार्टी मुश्किल से सत्ता बचा पाने में कामयाब रही थी।

 

2012 के राष्ट्रपति चुनावों में दावेदार होने जा रहे 59 साल के पुतिन भारी प्रदर्शनों के बीच 12 साल की अपनी सत्ता की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक को झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा हर बार होता है और भविष्य में भी होगा। विपक्ष हमेशा संघर्ष करता है और सत्तारूढ को हटाने की हर कोशिश करता है। यह बिल्कुल सामान्य बात है। प्रदर्शनकारियों को दी गई अपनी पहली प्रतिक्रिया में प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने टेलीविजन पर ज्यादातर युवकों, सक्रिय व्यक्तियों को अपनी स्थिति जाहिर करते हुए देखा है। मैं इसे देखकर खुश हूं।

 

उन्होंने कहा कि अगर पुतिन शासन का यह परिणाम है तो यह अच्छा है। मैं इसमें कुछ भी अभूतपूर्व नहीं देखता। मास्को में शनिवार को हजारों लोग सड़कों पर उतर आए और 1990 के दशक के बाद यह देश में सबसे बड़ा प्रदर्शन है।

First Published: Thursday, December 15, 2011, 21:11

comments powered by Disqus