Last Updated: Monday, April 30, 2012, 08:21
लंदन : ब्रिटेन की राजगद्दी के उत्तराधिकारी प्रिंस चार्ल्स का कहना है कि उनके बेटे प्रिंस विलियम और प्रिंस हैरी अक्सर पर्यावरण संबंधी उनके नजरिए को लेकर उनकी खिंचाई करते हैं।
एक पत्रिका को दिए साक्षात्कार में 63 वर्षीय चार्ल्स ने कहा कि हालांकि उनके दोनों बेटों में भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर उन्हीं की तरह जोश भरा है लेकिन वह पर्यावरण और पुनर्चक्रण को लेकर उनके नजरिये की खिंचाई करते हैं।
63 वर्षीय चार्ल्स ने कहा, वह कहते हैं, ओह, वह दोबारा शुरू हो गए। लेकिन आप कभी भी अपने बच्चों को पूरी तरह नहीं जानते। क्योंकि वह भले ही आपके सामने आपकी टांग खींचे लेकिन वह बाद में दूसरे लोगों से आपके काम को लेकर बात करते हैं। 1980 के शुरूआती दौर से चार्ल्स ने पर्यावरण से संबंधित मुद्दों में गहरी रूचि दिखानी शुरू की। उन्होंने पर्यावरण से संबंधित संवेदनशील सोच को बढ़ावा देने में नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभायी है।
चार्ल्स ने जैविक कृषि को बढ़ावा देते हुए 1990 में अपने खुद के जैविक ब्रांड डची ओरिजिनल्स शुरू किया। इस ब्रांड के तहत जैविक कृषि से संबधित 200 अलग-अलग उत्पाद बिकते हैं और इससे जमा होने वाले पैसे चार्ल्स के धर्मार्थ कार्यों के लिए दान में दिए जाते हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 30, 2012, 13:51