Last Updated: Monday, March 25, 2013, 23:33
लंदन : प्रिंस हैरी सिर्फ मौज मस्ती में मशगूल रहने वाले शाही सदस्य की अपनी छवि को बदलना चाहते हैं और इसीलिए वह मई में अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर जाने की योजना बना रहे हैं। खास बात यह है कि इस दौरान वह लास वेगास नहीं जाएंगे।
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के 28 वर्षीय पोते प्रिंस हैरी ने इस बार अपने यात्रा कार्यक्रम में लास वेगास को नहीं जोड़ा है। याद रहे कि पिछले साल अमेरिका के इस शहर की एक निजी यात्रा के दौरान प्रिंस की नग्न तस्वीरों के प्रकाशन को लेकर दुनियाभर में खूब बावेला मचा था।
सेंट जेम्स पैलेस ने आज यहां कहा, ‘‘प्रिंस हैरी अमेरिकी और ब्रिटिश सैनिकों के पुनर्वास को बढ़ावा देने, अपने धर्मार्थ कार्यों का प्रचार करने और ब्रिटिश हितों के समर्थन में अमेरिका की यात्रा करेंगे।’’ प्रिंस हैरी अपनी नौ से 15 मई की अमेरिका यात्रा के दौरान वाशिंगटन, डेनवर, न्यूयार्क, न्यूजर्सी और कनैक्टीकट की यात्रा करेंगे। (एजेंसी)
First Published: Monday, March 25, 2013, 23:33