फोन हैकिंग में ब्रुक्स पर झूठी गवाही का केस - Zee News हिंदी

फोन हैकिंग में ब्रुक्स पर झूठी गवाही का केस



लंदन : फोन हैकिंग मामले में मीडिया दिग्गज रूपर्ट मडरेक की करीबी सहयोगी और न्यूज इंटरनेशनल की पूर्व मुख्य एक्जीक्यूटिव रेबेका ब्रुक्स पर अभियोजकों ने आज झूठी गवाही के तीन आरोप लगाने की बात कही।
ब्रुक्स और घुड़दौड़ प्रशिक्षक उनके पति चार्ल्स ब्रुक्स उन सात लोगों में शामिल हैं जिन्हें पूर्व में मामले में गिरफ्तार किया गया था । ये लोग ऑक्सफोर्डशायर में प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के पड़ोसी और उनके अच्छे मित्र हैं। शासकीय अभियोजन सेवा (सीपीएस) ने कहा कि इन सात लोगों में से एक को इन आरोपों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

 

फोन हैकिंग की जांच कर रहे स्काटलैंड यार्ड पुलिस अधिकारियों द्वारा 13 मार्च को गिरफ्तार की गईं ब्रुक्स फोन हैकिंग तथा सरकारी अधिकारियों को रिश्वत देने के मामले में आरोपों का सामना करने वाली पहली व्यक्ति हैं।

 

सीपीएस के फैसले पर बोलते हुए रेबेका और चार्ली ब्रुक्स ने कहा, हम इस कमजोर और अन्यायपूर्ण फैसले की निन्दा करते हैं। पुलिस स्टेशन से लौटने के बाद हम इस पर और प्रतिक्रिया देंगे। ब्रुक्स पर न्याय प्रक्रिया को गुमराह करने, न्यूज ऑफ इंटरनेशनल के अभिलेखागार से सात मामलों से संबंधित सामग्री हटाने, फोन हैकिंग की जांच कर रहे अधिकारियों से दस्तावेज और कंप्यूटर छिपाने की आपराधिक साजिश के तीन आरोप लगाए जाएंगे।

 

महानगर पुलिस सेवा से सीपीएस को सात संदिग्धों के मामले में 27 मार्च को एक फाइल मिली जिनमें रेबेका ब्रुक्स, चार्ल्स ब्रुक्स, चेरिल कार्टर (रेबेका का निजी सहायक), मार्क हाना (न्यूज इंटरनेशनल में सुरक्षा प्रमुख), पॉल एडवर्डस (न्यूज इंटरनेशनल द्वारा उपलब्ध कराया गया रेबेका का चालक), डेरिल जार्सलिंग तथा सातवां संदिग्ध शामिल हैं। सीपीएस ने कहा कि रेबेका ब्रुक्स ने 2011 में छह से 19 जुलाई के बीच चार्ल्स ब्रुक्स, चेरिल कार्टर, मार्क हाना, पॉल एडवर्डस, डैरिल जार्सलिंग और अज्ञात लोगों के साथ मिलकर महानगर पुलिस सेवा के अधिकारियों से सामग्री छिपाने की साजिश रची।  (एजेंसी)

First Published: Tuesday, May 15, 2012, 18:26

comments powered by Disqus