फोर्ब्स की सूची में सोनिया और मनमोहन - Zee News हिंदी

फोर्ब्स की सूची में सोनिया और मनमोहन

वाशिंगटन। दुनिया ने एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का लोहा माना है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को दुनिया की 70 शक्तिशाली शख्सियतों में शुमार किया गया हैं।

 

साल 2011 की दुनिया की 70 सबसे शक्तिशाली हस्तियों की फोर्ब्स पत्रिका द्वारा जारी सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा शीर्ष पर हैं तो भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी शुरुआती 20 हस्तियों में जगह बनाई है।

 

पत्रिका की इस वार्षिक सूची में ओबामा ने चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ को पहले स्थान से हटाकर शीर्ष स्थान हासिल किया है। रूसी प्रधानमंत्री व्लादिमीर पुतिन दूसरे स्थान पर हैं।

 

64 वर्षीया सोनिया के सम्बंध में पत्रिका में लिखा गया है कि वह भारत की सबसे शक्तिशाली राजनेता हैं, जिन्होंने दो बार प्रधानमंत्री पद ठुकराकर मनमोहन सिंह को यह स्थान दिया। वैसे सोनिया इस साल दो पायदान खिसककर 11वें स्थान पर आ गई हैं। पिछले साल वह नौंवें स्थान पर थीं। सूची में वह सातवीं सबसे शक्तिशाली महिला हैं।
वहीं 79 वर्षीय मनमोहन सिंह भी एक पायदान खिसककर 19वें स्थान पर आ गए हैं। पत्रिका में उन्हें कैम्ब्रिज व ऑक्सफोर्ड से शिक्षाप्राप्त ईमानदार अर्थशास्त्री बताया है। भारत में आर्थिक सुधारों के पीछे उन्हीं का योगदान होने की बात कही गई है।

 

सूची में कुछ अन्य भारतीय भी शामिल हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अम्बानी 35वें स्थान पर हैं, आर्सेलरमित्तल के प्रमुख लक्ष्मी मित्तल 47वें स्थान पर हैं और विप्रो के प्रमुख अजीम प्रेमजी 61वें स्थान पर हैं।

 

दुनिया की शक्तिशाली हस्तियों की इस सूची में डी-कम्पनी के सरगना दाऊद इब्राहिम कास्कर भी शामिल हैं। वह 57वें स्थान पर हैं। वर्ष 1993 व 2008 में मुम्बई पर हुए आतंकवादी हमले में दाऊद की भूमिका संदिग्ध है।

 

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलीजेंस यानी आईएसआई के प्रमुख अहमद शुजा पाशा 56वें स्थान पर हैं तो पाकिस्तानी सेना के प्रमुख अश्फाक परवेज कयानी 34वें स्थान पर हैं।

 

तिब्बती आध्यात्मिक नेता 76 वर्षीय दलाई लामा 51वें स्थान पर हैं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन 50वें स्थान पर हैं।

 

जर्मन चांसलर एंजेला मार्केल सूची में चौथा स्थान हासिल कर दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिला बन गई हैं। माइक्रोसॉफ्ट प्रमुख बिल गेट्स पांचवें स्थान पर हैं।

 

फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग 40वें स्थान से उठकर नौवें स्थान पर आ गए हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष बेन बर्नेन्के आठवें और ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन 10वें स्थान पर हैं।

 

सूची से बाहर हुए 10 लोगों में ओपराह विनफ्रे, डोमिनिक स्ट्रॉस-कान, बिन लादेन, दिवंगत स्टीव जॉब्स व जूलियन असांज शामिल हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, November 3, 2011, 16:58

comments powered by Disqus