Last Updated: Tuesday, March 26, 2013, 22:14

पेरिस : मध्य अफ्रीकी गणराज्य के बांगुई हवाई अड्डे में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे वाहनों पर फ्रांसीसी सैनिकों द्वारा की गई गोलीबारी में दो भारतीयों की मृत्यु हो गई है, जबकि पांच अन्य घायल हो गए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने फ्रांसीसी रक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा है कि यह दुर्घटना एक खास तरह की भ्रामक स्थिति में घटी, क्योंकि हवाई अड्डे पर फ्रांसीसी सैनिकों पर किसी अज्ञात स्रोत से गोलीबारी हुई। मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि इन वाहनों में चाड तथा भारत के नागरिक सवार थे। वहां सुरक्षा के लिए तैनात सैनिकों द्वारा चेतावनी के रूप में की गई गोलीबारी के बावजूद वाहन तेज गति से आगे बढ़ते रहे।
मंत्रालय के वक्तव्य में बताया गया है घटना में पांच अन्य भारतीय नागरिक तथा चार चाड नागरिक घायल हो गए हैं। फ्रांस ने अशांति से जूझ रहे इस अफ्रीकी देश में फ्रांसीसी नागरिकों की रक्षा के लिए 350 सैनिक भेंजे हैं। मध्य अफ्रीकी गणराज्य की राजधानी बांगुई पर रविवार को विद्रोहियों ने कब्जा कर लिया। दुर्घटनावश हुई इन हत्याओं के प्रति अपनी शोक सम्वेदना प्रकट करते हुए फ्रांसीसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वह उन परिस्थितियों की जांच करेगा, जिसमें फ्रांसीसी सैनिकों को गोली चलानी पड़ी।
उधर, फ्रांस ने सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक (सीएआर) में सैनिकों द्वारा दो भारतीय नागरिकों की हत्या के मामले में आज उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिये। भारत की ओर से गहरा दुख प्रकट किए जाने के बाद फ्रांस ने इस मामले पर खेद भी जताया है। फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांकवा ओलोंद ने आज प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से इस मामले पर बात की और उन्हें एक पत्र भेज कर सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक की राजधानी में अपने सैनिकों द्वारा दो भारतीयों के मारे जाने पर खेद भी जताया।
रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार फ्रांस के रक्षा मंत्री जीन वेस ले ड्रियान ने भी इस मुद्दे पर अपने भारतीय समकक्ष ए. के. एंटनी से बात की और इस घटना पर खेद जताया है। इस मामले पर मनमोहन और एंटनी गहरा दुख जता चुके हैं और उन्होंने सीएआर में भारत के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।
मनमोहन ने इस घटना में बेकसूर लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने निर्देश दिया कि सीएआर और खासतौर पर बानगुई के आसपास मौजूद करीब 100 भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर तरह की कोशिश की जाए। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, March 26, 2013, 21:52