Last Updated: Saturday, March 2, 2013, 16:56
इस्लामाबाद : दक्षिण-पश्चिम पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में आज चार लोगों को पहले गोली मारी गयी फिर जलाकर मार दिया गया। सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। लेविस मिलिशिया के अधिकारियों ने बताया कि तुरबत जिले के सीमांत शहर तुम्प में यह घटना हुई।
एक अधिकारी ने मीडिया से कहा, ‘‘मोटरसाइकिल सवार अज्ञात सशस्त्र हमलावरों ने एक कार पर तीन तरफ से गोलीबारी की। कार में चार लोग सवार थे।’’ सशस्त्र लोगों ने बाद में कार को आग के हवाले कर दिया।
कार में सवार सभी चार लोगों की जलकर मौत हो गयी। सुरक्षाकर्मियों के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले हमलावर वहां से फरार हो गए। मारे गए चार में से दो लोगों की पहचान कर ली गयी है लेकिन दो अन्य इतने बुरी तरह जल गए कि उनकी पहचान नहीं की जा सकी। घटना के तत्काल बाद तक हत्या के कारणों का पता नहीं चला। किसी भी समूह ने अब तक हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, March 2, 2013, 16:56