Last Updated: Monday, August 26, 2013, 15:59
इस्लामाबाद : दिवंगत बलूच नेता नवाब अकबर बुगती की सातवीं बरसी पर उनके समर्थकों ने आज पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में पूर्ण बंद एवं चक्का जाम हड़ताल आहूत की है। जम्हूरी वतन पार्टी (जेडब्ल्यूपी) और बलूच रिपब्लिकन पार्टी (बीआरपी) ने संयुक्त रूप से इसका आह्वान किया। जियो न्यूज की खबर के अनुसार पीएमएल-एन, पीपीपी, पाकिस्तान तहरीके इंसाफ समेत कई दूसरे राजनीतिक एवं राष्ट्रवादी दलों ने हड़ताल के आह्वान को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए पूरे प्रांत में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 2004 में बलूचिस्तान में सशस्त्र संघर्ष की लहर शुरू होने के बाद बुगती, बलूच नेता के तौर पर व्यापक रूप से जाने जाने लगे थे लेकिन वह 2005 में भूमिगत हो गए। पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ ने उनके खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया था।
26 अगस्त, 2006 को क्वेटा से पूर्व में 150 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कोहलू की एक गुफा में गोला फटने से बुगती मारे गए थे। इससे क्षेत्र में व्यापक अशांति फैल गयी थी।
बुगती का जन्म 12 जुलाई, 1927 को बरखान में हुआ था जहां बलूच कबीले, खेतरान के लोग रहते हैं। बुगती की मां इसी कबीले की थीं। बरखान अब बलूचिस्तान का एक जिला है। बुगती, बुगती कबीले के मुखिया थे और वह पूर्व में बलूचिस्तान के गृह राज्य मंत्री और गर्वनर दोनों रह चुके थे। बुगती की हत्या को लेकर मुशर्रफ के खिलाफ मामला चल रहा है। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 26, 2013, 15:59