Last Updated: Saturday, August 18, 2012, 12:53
वाशिंगटन : विस्कोंसिन के मिल्वौकी इलाके में एक बुजुर्ग सिख की हत्या के आरोप में हाईस्कूल के 16 वर्षीय एक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। कुछ दिन पहले ही पास के एक गुरुद्वारे पर हुई गोलीबारी में छह लोग मारे गए थे। संदिग्ध की पहचान डियांग्लो विलियम्स के तौर पर की गई है। उस पर हत्या और हथियार रखने का आरोप लगाया गया है। अगर वह दोषी पाया जाता है तो उसे 70 साल तक की जेल की सजा हो सकती है।
विलियम्स को शुक्रवार को एक अदालत पेश किया गया जहां पर न्यायाधीश ने 250,000 अमेरिकी डॉलर पर उसे जमानत दे दी। एक स्थानीय टेलीविजन ने खबर दी है कि सोमवार को संदिग्ध को फिर अदालत में पेश किया जाना है। विलियम्स के हाथों मारे गए 56 वर्षीय दलबीर सिंह शहर में अपने भतीजे जतिन्दर सिंह को किराने की दुकान चलाने में मदद करते थे। घटना बुधवार की रात उस समय हुई जब कुछ अज्ञात लोग दुकान में घुस आये और जतिन्दर सिंह के सिर पर बंदूक रख दी।
मिल्वौकी जर्नल सेंटीनेल को जतिन्दर सिंह ने बताया कि उसे और उसके चाचा को दुकान के पिछे ले जाकर बंद कर दिया गया। लेकिन एक व्यक्ति ने दरवाजे पर गोली चला दी जिसमें दलबीर सिंह की मौत हो गयी। दलबीर सिंह ओक क्रीक गुरुद्वारा नियमित आने वाले व्यक्ति थे लेकिन पांच अगस्त को जब वहां गोलीबारी की घटना हुई उस समय वह वहां उपस्थित नहीं थे। (एजेंसी)
First Published: Saturday, August 18, 2012, 12:53