Last Updated: Wednesday, February 15, 2012, 14:26
बैंकाक : थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में कल हुए तीन बम विस्फोटों के मामले का तीसरा ईरानी संदिग्ध मलेशिया में पकड़ा गया है। उसके दो साथियों को पहले ही बैंकाक में गिरफ्तार कर लिया गया था।
एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि थाईलैंड से मिली जानकारी के आधार पर मलेशियाई अधिकारियों ने कुआलालंपुर में आज दोपहर 31 साल के मसूद सेदागात जादेह को गिरफ्तार कर लिया।
यह संदिग्ध कल हमले के तत्काल बाद बैंकाक से मलेशिया भाग गया था। वह आज अपने वतन ईरान भागने की फिराक में था। उसने पहले तेहरान जाने के लिए 25 तारीख के लिए विमान का टिकट बुक कराया था।
थाईलैंड के आव्रजन अधिकारियों के हाथ से वह निकल गया था क्योंकि उन्हें उस वक्त उसकी पहचान के बारे में जानकारी नहीं थी।
इससे पहले यहां के पुलिस उप प्रमुख पानसिरी प्रापावत ने कहा था कि जादेह विस्फोट के बाद बैंकाक से कुआलालंपुर भाग गया।
थाई अधिकारियों का कहना है कि विस्फोटों में कुल चार ईरानी शामिल हैं। इनमें एक महिला भी है, जो गिरफ्त से बाहर है। माना जा रहा है कि वह भी थाईलैंड से बाहर निकल चुकी है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, February 15, 2012, 19:56