Last Updated: Friday, June 15, 2012, 18:24

लंदन : म्यामार की लोकतंत्र समर्थक नेता और नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) की अध्यक्ष आंग सान सू ची 19 जून को अपना 67वां जन्मदिन ब्रिटेन में मनाएंगी ।
वह 1980 के दशक के बाद पहली बार ब्रिटेन में अपना जन्मदिन मनाएंगी। साथ ही वह अपने जन्मदिन के दिन ऑक्सफोर्ड भी जाएंगी।
एनएलडी की ब्रिटेन शाखा के अध्यक्ष डॉक्टर विन नेंग ने बताया कि पार्टी के सदस्य और कार्यकर्ता उनके आगमन का इंतजार कर रहे हैं और सभी ने 24 वर्षों के बाद उनके पहले यूरोप दौरे पर समारोहों का आयोजन किया है।
ब्रिटेन दौरे पर सू ची का कार्यक्रम काफी व्यस्त है। प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के साथ बैठक के अलावा वह वेस्टमिंस्टर हॉल में सांसदों को संबोधित करेंगी। अभी तक इस हॉल में सांसदों को संबोधित करने का सम्मान केवल वर्तमान और पूर्व राष्ट्रप्रमुखों को ही दिया जाता रहा है हालांकि, सू ची इनमें से कुछ नहीं हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 15, 2012, 18:24