Last Updated: Wednesday, August 22, 2012, 19:50
लंदन : वीजा नियमों के उल्लंघन से निपटने के एक बड़े अभियान में ब्रिटेन ने करीब 700 भारतीयों को निर्वासित कर दिया है। उनमें वैसे लोग भी शामिल हैं जो यहां छात्र वीजा पर आए थे और अधिक समय तक रुके या वीजा शर्तों का उल्लंघन किया।
अवैध तरीके से लंदन में रह रहे 2000 से अधिक विदेशी नागरिकों में भारतीय भी शामिल थे। जिन लोगों को ‘आपरेशन मेएप्पल’ के तहत ब्रिटेन से निकाला गया उनमें पाकिस्तान, ब्राजील, बांग्लादेश और चीन के लोग भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि यूके बॉर्डर एजेंसी ने अनुमति से अधिक समय तक ब्रिटेन में रुके छात्रों और अन्य प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मई में अभियान शुरू किया था। अनुमान के अनुसार करीब दो तिहाई लोग स्वेच्छा से छोड़ने पर राजी हो गए जबकि एक तिहाई लोगों को बल का प्रयोग कर निकाला जा रहा है।
गृह मंत्रालय ने आज बताया, लंदन में करीब 2000 मामलों में करीब एक तिहाई भारत का है। अच्छी खासी संख्या में पाकिस्तान, नाइजीरिया, चीन, बांग्लादेश और ब्राजील के भी अवैध प्रवासी थे जो अभियान के परिणामस्वरूप अपने देश लौट गए हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, August 22, 2012, 19:50