भारत ने संभाला UNSC अध्यक्ष का कार्यभार

भारत ने संभाला UNSC अध्यक्ष का कार्यभार

भारत ने संभाला UNSC अध्यक्ष का कार्यभारसंयुक्त राष्ट्र : भारत ने आज से एक महीने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् के अध्यक्ष के तौर पर अपना कार्यभार संभाला। इस दौरान वह सुरक्षा परिषद् की सदस्यता में विस्तार के लिए अन्य देशों से समर्थन जुटाने की कोशिश करेगा और समुद्री दस्युओं से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करेगा।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् के प्रत्येक सदस्य को बारी-बारी से एक माह के लिए अध्यक्ष का कार्यभार मिलता है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि 15 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् के अध्यक्ष के तौर पर भारत के पास बहुत सारा काम है। इस महीने सुरक्षा परिषद् में यमन, लीबिया, सीरिया, सूडान समेत फलस्तीन और आतंकवाद के मुद्दे पर बहस होने की संभावना है। भारत ने पिछली बार अगस्त 2011 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् के अध्यक्ष का कार्यभार संभाला था।

पुरी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् की स्थायी और अस्थायी सदस्यता में विस्तार के मुद्दे पर भारत पिछले कई महीनों से अफ्रीकी देशों, विशेष तौर पर एल-69 और सी-10 समूहों से बातचीत कर रहा है। पुरी ने जोर देते हुए कहा कि भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् की स्थायी सदस्यता केवल पांच स्थायी सदस्यों के कारण नहीं बल्कि महासभा के समर्थन से मिलेगी। हालांकि उन्होंने कहा कि पांचों स्थाई सदस्यों का समर्थन भी बहुत महत्वपूर्ण है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, November 1, 2012, 21:09

comments powered by Disqus