Last Updated: Monday, August 12, 2013, 19:52
संयुक्त राष्ट्र : संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर हुई हालिया घटनाओं पर दुख प्रकट करते हुए कहा है कि बातचीत के जरिए तनाव को कम करने के भारत और पाकिस्तान के प्रयासों से वह खासे उत्साहित हैं। कल से दो दिन का पाकिस्तान दौरा शुरू करने जा रहे मून ने कहा कि अगर दोनों देश उनकी मध्यस्थता पर सहमत होते हैं तो वह अपनी भूमिका निभाने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा, इस पूरे विवाद के दौरान हुए जान के नुकसान को लेकर मुझे दुख हुआ है। मैं दोनों देशों की ओर से बातचीत करने के लिए उठाए गए हालिया कदमों को लेकर तुलनात्मक रूप से उत्साहित हूं। मून ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तानी पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह टिप्पणी की। वह नियंत्रण रेखा पर भारत और पाकिस्तान के बीच उपजे हालिया तनाव के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे।
यह पूछे जाने पर कि भारत और पाकिस्तान के बीच समाधान में वह मदद कर सकते हैं, उन्होंने कहा कि अगर दोनों देश उनकी मध्यस्थता पर सहमत हों तो वह भूमिका निभा सकते हैं। मून ने कहा कि वह भारत और पाकिस्तान के नेतृत्व से बातचीत जारी रखने एवं विश्वास बहाली के कुछ कदम उठाने की उम्मीद करते हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव मून ने कहा, यह देखकर उत्साहित हूं कि भारत और पाकिस्तान की सीमा वाले कश्मीर के बीच बस सेवा है। नेताओं के बीच संवाद के माध्यमों में भी कुछ इजाफा हुआ है। यह कदम छोटा जरूर हो सकता है, लेकिन आप इसे विस्तृत बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि सीमा पर तनाव लंबे समय से चला आ रहा मुद्दा है तथा संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षक किसी भी तरह के संघर्ष को रोकने का प्रयास करते रहे हैं।
मून ने कहा, आप जानते हैं कि संयुक्त राष्ट्र पर्यवेक्षक समूह को किसी राजनीतिक भूमिका का अधिकार नहीं है। इसलिए राजनीतिक मुद्दों से निपटने तथा इन पर चर्चा करने का काम दोनों सरकारों के नेताओं के द्वारा ही किया जाएगा। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 12, 2013, 19:52