भारत-पाक ने परमाणु प्रतिष्ठानों की सूची आदान-प्रदान की - Zee News हिंदी

भारत-पाक ने परमाणु प्रतिष्ठानों की सूची आदान-प्रदान की




नई दिल्ली/इस्लामाबाद : भारत और पाकिस्तान ने रविवार को एक-दूसरे को अपने परमाणु प्रतिष्ठानों की सूची सौंपी। ऐसा दोनों देशों के बीच दो दशक पुराने समझौते के तहत किया गया। दोनों देशों के बीच सूची का आदान-प्रदान परम्परागत एवं परमाणु कार्यक्रमों को लेकर विश्वास बहाली के उपायों पर विशेषज्ञ स्तर की वार्ता के एक सप्ताह बाद हुआ है।

 

नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, भारत और पाकिस्तान ने नई दिल्ली तथा इस्लामाबाद में कूटनीतिक माध्यमों से परमाणु प्रतिष्ठानों एवं सुविधाओं की सूची का आदान-प्रदान किया। ऐसा भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमले नहीं करने के समझौते के तहत किया गया।

समझौते पर दोनों देशों ने 31 दिसम्बर, 1988 को हस्ताक्षर किए थे और यह 27 जनवरी, 1991 से प्रभावी हुआ। इसके तहत दोनों देशों द्वारा हर साल पहली जनवरी को एक-दूसरे को परमाणु प्रतिष्ठानों एवं सुविधाओं की सूची सौंपी जाती है। पहली बार एक जनवरी, 1992 में दोनों देशों ने एक-दूसरे को यह सूची सौंपी थी।

उधर, इस्लामाबाद में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को दोनों देशों की जेलों में बंद कैदियों की सूची का आदान-प्रदान भी हुआ। कैदियों की सूची का आदान-प्रदान साल में दो बार किया जाता है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, January 1, 2012, 20:14

comments powered by Disqus