भारत-पाक वार्ता बेहद सकारात्मक: बान - Zee News हिंदी

भारत-पाक वार्ता बेहद सकारात्मक: बान

 

संयुक्त राष्ट्र : संबंधों को सामान्य बनाने के लिए भारत और पाकिस्तान के हालिया प्रयासों को बेहद सकारात्मक और उत्साहजनक करार देते हुए संयुक्त राष्ट्र प्रमुख बान की मून ने मंगलवार को उम्मीद जताई कि दोनों पड़ोसी देश वार्ता प्रक्रिया को जारी रखेंगे और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्द के लिए महती भूमिका अदा करेंगे।

 

बान ने कहा, भारत और पाकिस्तान न केवल क्षेत्र के लिए बल्कि विश्व राजनीति के लिए भी अहम देश हैं। क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और सौहार्द के लिए उनकी महती भूमिका है।  संयुक्त राष्ट्र प्रमुख बुधवार से भारत की तीन दिनों की यात्रा पर जा रहे हैं। उन्होंने व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के लिए दोनों देशों के बीच सकारात्मक कदमों का स्वागत किया। बान ने इस महीने की शुरूआत में भारत की यात्रा और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात कर पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की प्रशंसा की।

 

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि हालांकि लगभग सभी देश इस बात पर सहमत हैं कि 15 सदस्यीय निकाय में सुधार होना चाहिए लेकिन सदस्य देश अबतक कोई ऐसा फार्मूला तैयार नहीं कर पाये हैं जो सभी देशों की आकांक्षाओं को पूरा करे। बान ने कहा, इस समय यह अहम मुद्दा है। मुझे उम्मीद है कि भारत समेत सदस्य देशों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिये इस प्रकार की प्रक्रिया में तेजी लायी जाएगी। भारत समेत जापान, जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका तथा ब्राजील सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता चाहते हैं।

 

पिछले वर्ष जनवरी में दो साल के लिये सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य के रूप में भारत के ट्रैक रिकॉर्ड के बारे में बान ने कहा कि अस्थायी सदस्य के रूप में दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश ने अच्छे नेतृत्व का परिचय दिया है।

 

उन्होंने कहा कि गुट-निरपेक्ष आंदोलन तथा जी-77 के प्रमुख देशों के साथ उभरती अर्थव्यवस्था के रूप में भारत शांति तथा सुरक्षा खासकर पश्चिम एशिया तथा उत्तरी अफ्रीका में लोकतंत्र को बढ़ावा देने के मामले में सुरक्षा परिषद में अहम भूमिका निभाता रहा है।

 

बान ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत अंतरराष्ट्रीय मामलों में अहम भूमिका निभाएगा। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि उभरती अर्थव्यवस्था के रूप में भारत के पास क्षमता तथा अनुभव है जिसका उपयोग विकासशील देशों में किया जाएगा। भारत का अपना मॉडल है जिसका कई देशों में उपयोग किया जा सकता है।

 

भारत को महत्वपूर्ण और मजबूत सहयोगी बताते हुए उन्होंने कहा कि अपनी इस यात्रा के दौरान वह सहयोग को नई गति देने को लेकर गंभीर हैं। बान ने दुनिया भर में शांति और सुरक्षा के मामले में भारतीय सेना के योगदान की सराहना की। दुनिया भर के कठिन मुद्दों को सुलझाने में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कुशल नेतृत्व के लिये उनका आभार भी जताया।  (एजेंसी)

First Published: Tuesday, April 24, 2012, 13:47

comments powered by Disqus