भारत-पाक विवादोंके शांतिपूर्ण हल की आशा: चीन--China urges India-Pakistan dialogue

भारत-पाक विवादों के शांतिपूर्ण हल की आशा: चीन

बीजिंग : स्वयं को भारत-पाकिस्तान दोनों का मित्र बताते हुए चीन ने आज आशा व्यक्त की कि दोनों देश दक्षिण एशिया क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए अपने विवादों का शांतिपूर्ण तरीके से समाधान करेंगे। भारत-पाकिस्तान के सैनिकों के बीच हुई गोलीबारी में पाक सैनिक के मारे जाने की खबर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता होंग लेई ने यहां मीडिया से कहा कि चीन को आशा है कि दोनों देश अपने विवादों का ‘उचित और शांतिपूर्ण’ तरीके से समाधान करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत और पाकिस्तान दोनों का पड़ोसी और मित्र होने के नाते हम आशा करते हैं कि दोनों देश दक्षिण एशिया क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए बातचीत के माध्यम से अपने विवादों को उचित और शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएंगे।’’ पाकिस्तानी सैनिकों ने कल संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए नियंत्रण रेखा के पास उरी सेक्टर में भारतीय सेना की चौकी की ओर मोर्टार गोले दागे। इस्लामाबाद में पाकिस्तानी सेना ने आरोप लगाया है कि उसके एक सैनिक की मौत हो गई है और एक घायल हो गया है। (एजेंसी)

First Published: Monday, January 7, 2013, 19:13

comments powered by Disqus