भारतीय मूल के अरविंद ने जीती स्पेलिंग बी स्पर्धा

भारतीय मूल के अरविंद ने जीती स्पेलिंग बी स्पर्धा

भारतीय मूल के अरविंद ने जीती स्पेलिंग बी स्पर्धा वॉशिंगटन : न्यूयार्क में रहने वाले भारतीय मूल के अमेरिकी अरविंद महनकली ने वर्ष 2013 की ‘स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी’ प्रतियोगिता जीत कर इतिहास रच दिया है। इस प्रतिष्ठित स्पर्धा में लगातार छठे साल भारतीय मूल के अमेरिकियों का दबदबा दिखा और इसमें शीर्ष के तीन स्थानों पर भारतीय अमेरिकी बच्चों ने कब्जा किया है।

इस प्रतियोगिता में बच्चों की मानसिक शक्ति, मानसिक संतुलन और शब्दों के ज्ञान का परीक्षण किया जाता था। यह लगातार छठा मौका था, जब राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित स्पर्धा का खिताब किसी भारतीय अमेरिकी के खाते में गया है।

अमेरिका में लाखों लोगों ने इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्पर्धा को लाइव देखा। इस राष्ट्रीय स्पर्धा में जीत दर्ज करने के बाद अरविंद ने कहा ‘शब्द निश्चित रूप से कठिन थे।’ वर्ष 2008 के बाद यह पहला मौका है, जब किसी लड़के ने यह खिताब अपने नाम किया है। उसे एक बड़े कप के आकार की ट्रॉफी के साथ साथ 30,000 अमेरिकी डॉलर का नकद इनाम भी मिला है।

अरविंद ने लगातार चौथी बार इस साल स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी प्रतिस्पर्धा में भाग लिया। वर्ष 2010 में वह नौवें स्थान पर तथा 2011 एवं 2012 में तीसरे स्थान पर रहे थे।

उसके पिता एक आईटी सलाहकार और मां एक डाक्टर हैं।

आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय अरविंद के पसंदीदा विषय गणित और विज्ञान हैं। लेकिन वह भौतिकी में करिअर बनाना चाहते हैं।

तेलुगु और स्पेनिश भाषी अरविंद को टेनिस, बास्केटबाल, रंगमंच पसंद है और नोवाक जोकोविच एवं शकील ओ’नील उनके पसंदीदा खिलाड़ी हैं।

इस प्रतियोगिता के शीर्ष तीन प्रतिभागी भारतीय अमेरिकी ही हैं। इसमें दूसरे स्थान पर इलिनोइस के टॉवर लेक्स के निवासी 13 वर्षीय प्रणव शिवकुमार और तीसरे स्थान पर न्यूयार्क के श्रीराम हठवार रहे हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, May 31, 2013, 13:30

comments powered by Disqus