भूकंप के दूसरे झटके से फिर थर्राया इंडोनेशिया - Zee News हिंदी

भूकंप के दूसरे झटके से फिर थर्राया इंडोनेशिया



ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो

 

जकार्ता : भूकंप आने के बाद बुधवार को इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीव पर 8.2 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया। इस भूकंप और उसके बाद महशूस हो रहे झटकों के कारण हिंद महासागर में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने बताया कि झटका मानक समयानुसार तीन बजकर 13 मिनट पर महसूस किया गया। सुमात्रा में पहले आए 8.7 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी करके तटीय क्षेत्रों में बसे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। इंडोनेशिया में दोबारा भूकंप आने के बाद भारत में गुवाहाटी और चेन्‍नई में भी दोबार झटके महसूस किए गए। अभी तक किसी तरह के जानमाल और संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है।

 

इससे पहले, भारतीय समयानुसार दोपहर करीब ढाई बजे इंडोनेशिया के समुद्री क्षेत्र में 8.6 तीव्रता वाले शक्तिशाली भूकंप के बाद भारत सहित हिंद महासागर से जुड़े सभी देशों में सुनामी का खतरा पैदा हो गया था। भूकंप के कारण बांदा आसेह में निवासियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। तकरीबन पांच मिनट तक जमीन हिलती रही। कुछ वक्त के लिए यहां टेलीफोन कनेक्शन बंद हो गए। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते देखे गए। बांदा आसेह में लोग प्रभावित इलाकों से दूर जाने के प्रयास में हैं। हर जगह यातायात जाम देखा गया।

 

सुमात्रा के तट पर आज आये जबर्दस्त भूकम्प के बाद अमेरिकी निगरानीकर्ताओं ने हिंद महासागर पर नजर रखने के आदेश जारी किए हैं, लेकिन उसने स्पष्ट किया है कि अभी निश्चित नहीं है कि सुनामी का खतरा बन रहा है। अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केन्द्र ने कहा कि इस आकार के भूकंप से बड़े पैमाने पर तबाही वाले सुनामी की लहरें उठने का खतरा रहता है जो समूचे हिंद महासागर के तटवर्ती इलाकों को प्रभावित कर सकता है। सुनामी चेतावनी केन्द्र ने बताया कि उसने अभी पता नहीं लगाया है कि क्या उंची लहरें उठी हैं अथवा नहीं लेकिन उसमें शायद इसे पैदा करने की ताकत है और स्थानीय अधिकारियों को उचित कदम उठाने की सलाह दी गयी है। भूकंप के बाद थाईलैंड, सिंगापुर, मलेशिया और श्रीलंका में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। थाईलैंड के फुकेट में भूकंप का भारी झटका महसूस किया गया। निचले स्थानों को खाली करा दिया गया।

 

 

गौर हो कि इंडोनेशिया में 2004 में सुनामी से जानमाल की भारी तबाही हुई थी। सुमात्रा द्वीप में भूकंप के तगड़े झटके आने के बाद अमेरिकी और इंडोनेशियाई निगरानीकर्ताओं ने पूरे हिंद महासागर क्षेत्र में सुनामी का एलर्ट जारी कर दिया। भूकंप के झटके भारत के पूर्वी तट, श्रीलंका, आस्ट्रेलिया, थाईलैंड, सिंगापुर और मलेशिया तक महसूस किए गए। भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार, असम तथा पश्चिम बंगाल में भूकंप के झटके महसूस किए गए।

 

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने बताया कि सुमात्रा के तट के पास समुद्र की सतह से 33 किलोमीटर की गहराई पर भारतीय समयानुसार अपराह्न दो बजकर आठ मिनट पर 8.6 की तीव्रता वाला भूकंप आया। भूकंप का केंद्र बांदा आसेह था। शुरू में इसकी तीव्रता 8.9 बताई गई थी। इंडोनेशिया ज्वालामुखी और भूकम्प गतिविधियों वाला देश रहा है। 26 दिसम्बर 2004 को रिक्टर पैमाने पर 9.1 की तीव्रता वाले भूकम्प के बाद हिन्द महासागर में जबर्दस्त सुनामी आई थी, जिसमें 2,20,000 लोग मारे गये थे। इनमें 17,000 लोगों की मौत केवल आसेह में हुई थी।

First Published: Thursday, April 12, 2012, 10:56

comments powered by Disqus