Last Updated: Monday, August 20, 2012, 23:11

प्रिटोरिया : दक्षिण अफ्रीका की एक अदालत ने नेलसन मंडेला की हत्या की साजिश रचने के मामले में 20 आरोपियों में आखिरी व्यक्ति को दोषी करार दिया है। इस मामले की सुनवाई करीब एक दशक तक चली।
गौरतलब है कि बोएरमैग संगठन ने देश में 2002 में अव्यवस्था पैदा कर तख्तापलट की साजिश रची थी। अक्तूबर 2002 में जोहानिसबर्ग का सोवेटो टाउनशिप विस्फोट से दहल गया था और एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए थे। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई थी।
उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एबेन जोरदान ने पाया कि कोबुस प्रीटेरीयस उस दल में विस्फोट तैयार करने में महारत रखता था और उसने विस्फोटक के निर्माण कार्य में अहम भूमिका निभाई। जोरदान ने बताया कि उसने राष्ट्रपति मंडेला की हत्या के मकसद से बम बनाया था और अन्य लोगों को बताया था कि यह कैसे इस्तेमाल होता है।
गौरतलब है कि सभी 20 आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चला लेकिन सिर्फ पांच लोगों के खिलाफ एक व्यक्ति की हत्या और मंडेला की हत्या का साजिश का मुकदमा चला। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 20, 2012, 23:11