Last Updated: Thursday, June 27, 2013, 10:30

प्रीटोरिया : दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जूमा ने पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला की नाजुक हालत को देखते हुए मोजाम्बिक की अपनी यात्रा रद्द कर दी है। वह अस्पताल में मंडेला को देखने गए थे। बीबीसी के मुताबिक, जूमा को मोजाम्बिक की राजधानी मापुटो में गुरुवार को एक क्षेत्रीय सम्मेलन में हिस्सा लेना था लेकिन उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया।
एक आधिकारिक वक्तव्य में जानकारी दी गई है कि चिकित्सकों ने जूमा को मंडेला (94) की स्थिति के बारे में बताया। महीने की शुरुआत में देश के पहले अश्वेत राष्ट्रपति मंडेला की गम्भीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्रीटोरिया के मेडी-क्लिनिक हर्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वह लम्बे समय से फेंफड़े की समस्या से ग्रसित हैं तथा उन्हें इस साल तीसरी बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह तब से आईसीयू में हैं।
First Published: Thursday, June 27, 2013, 10:30