Last Updated: Friday, July 20, 2012, 20:01

वाशिंगटन: अमेरिका ने संयुक्त अरब अमीरात के तट के नजदीक फारस की खाड़ी में अमेरिकी नौ सेना की ओर से हुई गोलीबारी में एक भारतीय मछुआरे की मौत पर खेद जताते हुए भारत को घटना की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। अमेरिका की ओर से यह आश्वासन राजनीतिक मामलों की उप विदेश मंत्री वेंडी आर शेरमन ने बुधवार को अमेरिका में भारत की राजदूत निरुपमा राव से मुलाकात में दिया।
भारतीय दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "शेरमन ने 16 जुलाई को अमेरिकी नौ सेना की ओर से फारस की खाड़ी में संयुक्त अरब अमीरात के तट के नजदीक हुई गोलीबारी में एक भारतीय मछुआरे के मारे जाने तथा अन्य के घायल होने पर व्यक्तिगत रूप से संवेदना व खेद जताया।"
इस बीच, पेंटागन के प्रवक्ता जॉर्ज लिटिल ने घटना में भारतीय मछुआरे के मारे जाने पर खेद व्यक्त किया, लेकिन उन्होंने दुबई पुलिस प्रमुख के इस दावे को खारिज किया कि अमेरिकी नौ सेना की ओर से भारतीय मछुआरों को चेतावनी नहीं दी गई थी।
यह पूछे जाने पर कि क्या उनके पास भारत को यह यकीन दिलाने के लिए कोई सबूत है कि अमेरिकी नौ सेना की ओर से गोली चलाने से पहले मछुआरों को चेतावनी दी गई थी, लिटिल ने कहा, "जांच अभी जारी है, लेकिन हमें दृढ़ विश्वास है कि अमेरिकी नौ सेना के जहाज रैप्पाहैनॉक की ओर से छोटे जहाज (मछुआरों के जहाज) को चेतावनी दी गई थी।" (एजेंसी)
First Published: Friday, July 20, 2012, 20:01