मनमोहन-मेदवेदेव के बीच शिखर बैठक शुरू - Zee News हिंदी

मनमोहन-मेदवेदेव के बीच शिखर बैठक शुरू



मास्को : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और रूसी राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव के बीच यहां क्रेमलिन में शुक्रवार को द्विपक्षीय शिखर वार्ता शुरू हो गई है। इसका उद्देश्य दोनों देशों की साझेदारी को नई ऊर्जा, नया अर्थ और नई सामग्री देने के लिए काम करने की संयुक्त प्रतिबद्धता दोहराना है।

 

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह गुरुवार शाम मास्को पहुंचे। वह शिखर बैठक में हिस्सा लेने के लिए रूसी संघीय सरकार के मुख्यालय क्रेमलिन पहुंचे हैं। शिखर वार्ता से पहले उन्होंने मेदवेदेव के साथ अलग से बातचीत की। भारत और रूस इस दौर की शिखर वार्ता के दौरान अपने ऊर्जा एवं आर्थिक सहयोग पर अधिक ध्यान केंद्रित करेंगे।

 

मेदवेदेव के 2008 में राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह चौथी शिखर बैठक है। बातचीत के बाद दोनों पक्ष ऊर्जा, रक्षा, स्वास्थ्य, और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर करने वाले हैं। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शाम को रूसी प्रधानमंत्री व्लादिमीर पुतिन से भी मुलाकात करने वाले हैं। पुतिन मार्च 2012 में राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव में सत्ताधारी युनाइटेड रशिया पार्टी के उम्मीदवार भी हैं।

(एजेंसी)

First Published: Friday, December 16, 2011, 14:33

comments powered by Disqus