मालदीव में जल्द चुनाव के पक्ष में भारत - Zee News हिंदी

मालदीव में जल्द चुनाव के पक्ष में भारत

 

माले : भारत ने मालदीव में चल रहे राजनीतिक संकट को खत्म करने के लिए जल्द ही राष्ट्रपति चुनाव कराने का प्रस्ताव रखा। राष्ट्रपति नशीद के सत्ता से बाहर जाने के बाद देश में राजनीतिक संकट गहरा गया था। कल रात मालदीव की राजनीतिक पार्टियों से साथ हुई एक बैठक में भारत के विदेश सचिव रंजन मथाई ने एक पत्र प्रस्तावित किया, जिसमें वहां इस साल के खत्म होने से पहले राष्ट्रपति चुनाव कराने की मांग की गई है। स्थानीय मीडिया ने इस बैठक में शामिल हुए नेताओं के हवाले से यह सूचना दी।

 

मथाई एक अघोषित यात्रा के अंतर्गत इस बैठक में शामिल होने के लिए कल माले पहुंचे। मालदीव में नशीद के सत्ता से बाहर जाने के बाद देश में पैदा हुए राजनीतिक संकट के बाद से यह मथाई की दूसरी मालदीव यात्रा है।
द सन ऑनलाइन ने दावा किया कि इस पत्र में मथाई ने एक महीने के भीतर संविधान में संशोधन करने की मांग की है ताकि दिसंबर से पहले राष्ट्रपति चुनाव कराने का मार्ग प्रशास्त हो सके। बैठक के बारे में पूछे जाने पर मथाई ने कहा कि वह इस बारे में आज देर से कुछ बता सकते हैं।

 

इस बैठक की अध्यक्षता मालदीव के मानवाधिकार आयोग के पहले अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अहमद मुर्तजा ने की। बैठक में मालदीव में भारत के उच्चायुक्त डीएम मुले, नशीद की मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी के पूर्व अध्यक्ष इब्राहम हुसैन जाकी और देश के वर्तमान महाधिवक्ता भी शामिल हुए। मीडिया में आई खबरों के अनुसार कुछ राजनीतिक दलों ने बैठक में मथाई के शामिल होने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि भारतीय विदेश सचिव मालदीव के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं जो सही नहीं है। मथाई मालदीव में पहली बार तब आए थे जब देश के राजनीतिक दलों में मतभेद अपने चरम पर था। मथाई के प्रयासों से ही ये राजनीतिक दल आपस में बातचीत के लिए तैयार हुए थे।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, February 29, 2012, 13:51

comments powered by Disqus