Last Updated: Wednesday, September 18, 2013, 14:56

वॉशिंगटन : एक पूर्व शीर्ष अमेरिकी राजनयिक ने उम्मीद जताई है कि राष्ट्रपति बराक ओबामा जब आगामी शुक्रवार को भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिए दोपहर के भोजन का आयोजन करेंगे तो वह देश में भारतीय-अमेरिकियों के योगदान को पहचानते हुए हाल ही में मिस अमेरिका बनीं भारतीय मूल की सुंदरी नीना दावुलुरी को भी आमंत्रित करेंगे। 24 वर्षीय नीना पहली भारतीय अमेरिकी हैं जिन्हें मिस अमेरिका के खिताब से नवाजा गया है।
1997 से 2001 तक दक्षिण एशियाई मामलों के लिए सहायक विदेश मंत्री रहे कार्ल इंडरफर्थ ने कहा, मैं उम्मीद करता हूं कि जब प्रधानमंत्री सिंह और राष्ट्रपति ओबामा मिलेंगे तो वे मिस अमेरिका को भी आमंत्रित कर सकते हैं जो यह शानदार खिताब जीतने वाली पहली भारतीय अमेरिकी हैं। वे संभवत: उन्हें दोपहर का भोजन साथ करने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं। उन्होंने कहा, यह लोगों के बीच प्रगाढ़ होते संबंधों का एक और प्रतीक है। भारतीय अमेरिकी समुदाय इस समय अमेरिका के लिए काफी कुछ कर रहा है। वे अमेरिकी स्पेलिंग बी के विजेता हैं। वह (नीना) मिस अमेरिका का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय अमेरिकी हैं। यह अच्छी बात है। सिंह ओबामा से मुलाकात करने के लिए 27 सितंबर को एक दिन के लिए वाशिंगटन आएंगे। इस बैठक के बाद सिंह और ओबामा दोपहर का भोजन साथ करेंगे।
इस बीच मिस अमेरिका सौंदर्य प्रतियोगिता के आयोजकों ने कहा कि बड़ी संख्या में भारतीय मीडिया के लोग उनके साक्षात्कार का अनुरोध कर रहे हैं जो पहले कभी नहीं देखा गया। आयोजकों ने बताया कि वे आगामी महीनों में नीना की भारतीय यात्रा आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। मिस अमेरिका की मार्केटिंग समन्वयक एरिका फियोको ने स्थानीय मीडिया से कहा, हम भारत से मिल रहे सभी अनुरोधों को पूरा नहीं कर सकते। यह एक बड़ा काम है। ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया। इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मीडिया उनके साक्षात्कार का निवेदन कर रहा है। उन्होंने कहा, वे कॉल पर कॉल कर रहे हैं और वह (नीना) बहुत व्यस्त हो गई हैं। वे सभी उनसे बात करना चाहते हैं क्योंकि वह भारत में महिलाओं की आदर्श हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, September 18, 2013, 14:56