Last Updated: Tuesday, January 3, 2012, 09:46
बीजिंग : चीन के व्यापारिक शहर यीवू में वहां के कारोबारियों द्वारा दो व्यापरियों को एक तरह से बंधक बनाए जाने की घटना के बाद भारत ने अपने कारोबारियों को यीवू से ‘दूर रहने’ की सलाह दी है। चीन के एक बड़े शहर शंघाई के पास उस बाजार में गए दोनों भारतीयों को पुलिस ने अपनी देख-रेख में ‘सुरक्षा’ कारणों से होटल में ठहरा दिया है।
होटल में श्यामसुंदर अग्रवाल और दीपक रहेजा की रखवाली के लिए दो सिपाही तैनात किए गए हैं। रहेजा ने कहा कि वह अब भी चिंतित हैं। उनके होटल को स्थानीय लोगों की भारी भीड़ ने घेर रखा है। भारतीय अधिकारियों ने कहा कि उन दोनों को शंघाई ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। 15 दिसंबर से ‘बंधक’ बनाए गए इन दोनों भारतीयों का कहना है कि वह एक कंपनी में नौकरी भर करते हैं। उस कंपनी पर स्थानीय व्यापारियों के सामान के बकाए के लिए वे जिम्मेदार नहीं ठहराए जा सकते। अभी उनकी कंपनी की पहचान नहीं हो सकी।
इन दोनों भारतीयों को पुलिस को सौंपने वाले स्थानीय कारोबारियों ने कहा है कि उनका लाखों यूवान का बकाया चुकता हो जाने के बाद ही वे इन्हें वापस जाने देंगे। 31 दिसंबर को दो कारोबारियों को रिहाई करवाने की कोशिश कर रहे भारतीय राजनयिक एस. बालाचंद्रन के साथ शंघाई की एक अदालत में हाथापाई की गई जिससे वे बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें शंघाई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। भारत सरकार ने इस घटना को लेकर चीन के अधिकारियों के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
(एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 3, 2012, 15:17