यूएन मुख्यालय में सैंडी ने मचाई तबाही

यूएन मुख्यालय में सैंडी ने मचाई तबाही

संयुक्त राष्ट्र : ईस्ट रिवर के समीप स्थित संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय को चक्रवाती तूफान सैंडी से गहरा नुकसान हुआ है क्योंकि इसकी वजह से भीषण बाढ़ आ गई थी। बाढ़ का पानी विश्व निकाय के परिसर में भी भर गया।

मैनहट्टन के मध्य में स्थित संयुक्त राष्ट्र की यह इमारत सोमवार से सैंडी तूफान की वजह से तीन दिन तक बंद रही और फिर इसे कल खोला गया। तूफान के कारण अमेरिका के पूर्वी तट पर जनजीवन बाधित हो गया, 80 से अधिक लोगों की मौत हो गई और गहरा आर्थिक नुकसान भी हुआ।

संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने तूफान के गुजरने के बाद नुकसान का आकलन किया। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक नुकसान बाढ़ और तेज हवाओं की वजह से हुआ क्योंकि इससे संचार व्यवस्था और अन्य अवसंरचनाएं प्रभावित हुईं।

संरक्षा और सुरक्षा मामलों के लिए संयुक्त राष्ट्र के अवर महासचिव ग्रेगरी स्टार ने कल संवाददाताओं से कहा कि मंगलवार की सुबह यह स्पष्ट हो गया था कि मौसम के अप्रत्याशित बदलाव की वजह से संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय परिसर को गहरा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि तूफान की प्रचंडता आशंका से कहीं ज्यादा थी। इससे इमारत का हर हिस्सा प्रभावित हुआ और भूतल में पानी भर गया।’ स्टार ने कहा कि तूफान और बाढ़ के कारण संयुक्त राष्ट्र कार्यालय में ठंडी हवा संबंधी संयंत्र प्रणाली और बिजली की अन्य व्यवस्था क्षतिग्रस्त हो गई।

उन्होंने कहा कि अभी सब कुछ पूरी तरह दुरुस्तं नहीं हो पाया है। हमारी संचार प्रणालियों को कुछ न कुछ नुकसान जरूर हुआ है। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 2, 2012, 13:21

comments powered by Disqus