यूएनएससी ने की कांगो में हमले की निंदा

यूएनएससी ने की कांगो में हमले की निंदा

संयुक्त राष्ट्र : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना पर विद्रोही संगठनों के हमले में एक भारतीय सैनिक के मारे जाने की घटना की कड़ी निंदा की है और वहां की सरकार से हमलावरों को न्याय के दायरे में लाने को कहा है।

प्रेस को जारी किए गए एक बयान में 15 देशों की सदस्यता वाली सुरक्षा परिषद ने मृतकों के परिजनों के प्रति सहानुभूति जताई। मृतकों में ‘संयुक्त राष्ट्र कांगो स्थायित्व मिशन’ (मोनुस्को) के कर्मी भी शामिल हैं। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने भारतीय सैनिक की मौत पर दुख जताया और संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के परिजनों और भारत सरकार एवं भारतीय नागरिकों के प्रति अपनी संवेदना जताई।

बयान में कहा गया है कि उत्तर कीवु प्रांत में पांच जुलाई को शांति सैनिकों पर एम 23 विद्रोही संगठन ने हमला किया था। इलाके में जारी उनके अभियान के तहत यह हमला किया गया था। इसके चलते प्रांत के बुंगाना में एक भारतीय सैनिक की मौत हो गई। हिंसा के कारण हजारों नागरिकों को विस्थापित होना पड़ा है। सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों ने कांगो सरकार से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि इस तरह के हमले करने वालों को तेजी से न्याय के दायरे में लाया जाए। (एजेंसी)

First Published: Saturday, July 7, 2012, 13:12

comments powered by Disqus