Last Updated: Friday, January 27, 2012, 08:23

तेहरान : ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा कि उनके देश को यूरोपीय देशों को तेल बेचने की जरूरत नहीं है। वह यूरोपीय संघ (ईयू) द्वारा ईरान के तेल निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के निर्णय पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे।
ईयू ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए इसके सेंट्रल बैंक एवं तेल निर्यात पर सोमवार को नए प्रतिबंधों की घोषणा की थी। ये प्रतिबंध एक जुलाई से प्रभावी होंगे। देश के दक्षिणपूर्व मे स्थित करमान शहर में गुरुवार को उपस्थित लोगों से अहमदीनेजाद ने कहा कि प्रतिबंधों से ईरान की तरक्की प्रभावित नहीं होगी। हमें यूरोप को तेल बेचने की जरूरत नहीं है। सांसद नासिर सौदानी ने बुधवार को कहा कि संसद ईयू के सदस्य देशों के तेल निर्यात में कटौती पर विचार कर रही है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अहमदीनेजाद के हवाले से बताया कि सेंट्रल बैंक के खिलाफ प्रतिबंध लगाना व्यर्थ का काम है। उन्होंने कहा कि पहले ईरान के कुल व्यापार का 90 फीसदी यूरोपीय देशों के साथ होता था। लेकिन अब यह घटकर 10 फीसदी हो गया है। वर्तमान में ईयू ईरान के कुल कच्चे तेल का 20 फीसदी आयात करता है। ग्रीस एवं इटली जैसे देश तो पूरी तरह से ईरान के तेल पर ही निर्भर हैं।
(एजेंसी)
First Published: Friday, January 27, 2012, 13:53