रूस में पुतिन के खिलाफ निकाली रैली - Zee News हिंदी

रूस में पुतिन के खिलाफ निकाली रैली

मास्को : प्रधानमंत्री ब्लादिमीर पुतिन के शासन को समाप्त करने की मांग करते हुए आज हजारों लोगों ने मास्को में रैली निकाली। इसके साथ ही मार्च में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में पद के लिए उनकी दोबारा दावेदारी के लिए कड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

 

प्रदर्शनकारी सफेद रंग के रिबन पहने हुए थे और हाथों में तख्तियां लिए हुए थे जिसपर लिखा था ‘पुतिन के बगैर रूस’ और ‘पारदर्शी चुनावों के लिए’। वह क्रेमलिन से नदी को पार कर एक चौराहे की ओर बढ़ रहे हैं जहां रैली का आयोजन किया गया है। तापमान शून्य से 20 डिग्री नीचे होने के बावजूद पिछले वर्ष दिसंबर पर हुई ऐसी ही दो रैलियों के मुकाबले आज की रैली में लोगों की संख्या बहुत ज्यादा लग रही है।

 

आयोजकों के मुताबिक इससे पहले हुई रैलियों में से दूसरी में एक लाख 20 हजार लोगों ने भाग लिया था। रूस में 20 वर्ष बाद इतनी बड़ी रैली का आयोजन किया गया था। इससे पहले हुई ऐसी ही रैलियों ने सोवियत संघ के पतन का रास्ता साफ किया था। अधिकारियों ने आज के इस रैली को अनुमति दे दी थी जबकि इससे पहले उन्होंने क्रेमलिन के बाहर एकत्र होने के आयोजकों के आवेदन को भी नामंजूर कर दिया था।

 

प्रदर्शनकारियों ने शामिल 56 वर्षीय एलेक्जेंडर जेलेन्स्की का कहना है, ‘बहुत बड़ी संख्या में आए हैं ताकि वह हमें गिरफ्तार ना कर सकें।’ प्रदर्शनकारियों के साथ कम्युनिस्ट और नेशनलिस्ट भी शामिल हैं। (एजेंसी)

First Published: Saturday, February 4, 2012, 23:34

comments powered by Disqus