रूस में बाढ़ के चलते 171 लोगों की मौत

रूस में बाढ़ के चलते 171 लोगों की मौत

क्रिम्स्क (रूस) : रूस के आपात सेवा मंत्रालय ने आज स्वीकार किया कि देश के दक्षिणी हिस्से में लोगों को समय से बाढ़ की चेतावनी नहीं दी गयी, जिसके चलते कम 171 लोगों की मौत हो गयी। बाढ़ से सबसे बुरी तरह से प्रभावित क्रिम्स्क में सबसे अधिक लोगों की मौत हुई है। यहां के बाशिंदे इस वजह से नाराज हैं कि अधिकारियों ने उन्हें समय रहते सूचना नहीं दी।

इसबीच, क्षेत्र के गवर्नर एलेक्जेंडर तकाचेव ने आज क्रिम्स्क जिले के प्रमुख को बर्खास्त कर लोगों के गुस्से को शांत करने की कोशिश की। उन्होंने जिला प्रमुख पर आरोप लगाया कि वह संकट के वक्त जिम्मेदारियां निभाने में नाकाम रहे।

वहीं, भारी बारिश और बाढ़ के कारण शनिवार को क्रिम्स्क और उसके आसपास के इलाकों में पानी भर गया तथा नदियों का जलस्तर भी काफी बढ़ गया। हजारों घरों में उस समय पानी भर गया, जब लोग सो रहे थे। बाढ़ के कारण करीब 19 हजार लोगों का सर्वस्व पानी में बह गया। मंत्रालय का कहना है कि उसने लोगों को बाढ़ के संबंध में संदेश भेजे थे लेकिन कुछ स्थानीय नागरिकों ने ऐसा कोई संदेश मिलने से इंकार किया।

इस बीच मृतकों को आज श्रद्धांजलि दी गई। क्रेमलिन और अन्य सरकारी भवनों पर लगे राष्ट्रीय झंडे को आधा झुका दिया गया। इसके अलावा सभी मनोरंजन के कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया। संकटग्रस्त क्षेत्र के गर्वनर ने इस आपदा को बहुत बड़ा अचम्भा करार दिया। लेकिन आश्चर्यजनक रूप से सरकार समर्थक और विरोधी, दोनों तरह के अखबारों ने प्रशासन द्वारा स्थानीय लोगों को आपदा की पर्याप्त सूचना मुहैया नहीं करा पाने की निंदा एक स्वर में की है। (एजेंसी)

First Published: Monday, July 9, 2012, 23:22

comments powered by Disqus