Last Updated: Monday, July 9, 2012, 20:13

क्रिम्स्क (रूस) : रूस के आपात सेवा मंत्रालय ने आज स्वीकार किया कि काला सागर क्षेत्र में लोगों को समय से बाढ़ की चेतावनी नहीं दी गयी और बाढ़ के कारण कम से कम 171 लोगों की मौत हो गयी।
भारी बारिश और बाढ़ के कारण शनिवार को क्रिम्स्क और उसके आसपास के इलाकों में पानी भर गया वहीं नदियों का जलस्तर भी काफी बढ़ गया। हजारों घरों में उस समय पानी भर गया जब लोग सो रहे थे। बाढ़ के कारण करीब 19 हजार लोगों का सर्वस्व पानी में बह गया।
मंत्रालय का कहना है कि उसने लोगों को बाढ़ के संबंध में संदेश भेजे थे लेकिन कुछ स्थानीय नागरिकों ने ऐसा कोई संदेश मिलने से इंकार किया।
इस बीच मृतकों को आज श्रद्धांजलि दी गई। क्रेमलिन और अन्य सरकारी भवनों पर लगे राष्ट्रीय झंडे को आधा झुका दिया गया। इसके अलावा सभी मनोरंजन के कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया।
संकटग्रस्त क्षेत्र के गर्वनर ने इस आपदा को बहुत बड़ा अचम्भा करार दिया। लेकिन आश्चर्यजनक रूप से सरकार समर्थक और विरोधी दोनों तरह के अखबारों ने प्रशासन द्वारा स्थानीय लोगों को आपदा की पर्याप्त सूचना मुहैया नहीं करा पाने की निंदा एक स्वर में की है। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 9, 2012, 20:13