Last Updated: Thursday, February 7, 2013, 21:52
टोक्यो : रूस के दो सू-27 लड़ाकू विमान गुरुवार को जापान के होक्काइदो द्वीप पर देश की वायुसीमा में घुस आए जिससे जापान सरकार को रूस के सामने विरोध दर्ज कराने के लिए मजबूर होना पड़ा। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक फरवरी 2008 के बाद पहली बार ऐसी घटना घटी है। जापान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि 3 बजे शाम को होक्काइदो में रिशिरि की जल सीमा के ऊपर विमानों ने हवाई सीमा का उल्लंघन किया।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने पहले ही कहा था कि रूस के साथ क्षेत्रीय विवाद को सुलझाने के लिए जापान बातचीत को प्रोत्साहन देगा। अबे ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि दोनों देश ऐसा रास्ता निकालने में कामयाब होंगे जो दोनों देशों को मंजूर होगा। जापान और रूस के बीच द्वितीय विश्वयुद्ध से ही होक्काइदो के उत्तर स्थित कुछ द्वीपों को लेकर विवाद चल रहा है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 7, 2013, 21:52