Last Updated: Thursday, May 23, 2013, 22:44

लंदन : इंग्लैंड में बुधवार को हुए एक आंतकवादी हमले में एक ब्रिटिश सैनिक की हत्या करने वाले दो संदिग्धों में से नाइजीरियाई मूल के एक लंदनवासी की पहचान कर ली गई है। इस आतंकी हमले की वजह से अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के तहत इंग्लैंड के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के चारो ओर शीर्ष अधिकारियों एवं मिलिटरी की तैनाती कर दी गई।
इंग्लैंड की मीडिया में आई एक रपट के अनुसार नाइजीरिया मूल के लंदन निवासी 28 वर्षीय माइकल अदेबोलाजो एक ब्रिटिश सैनिक की हत्या करने वाले दो संदिग्धों मे से एक हैं। समाचार चैनल स्काई न्यूज के सूत्रों के मुताबिक आतंकी हमले को दोनों संदिग्धों को लंदन स्थित एक अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया गया। सूत्रों ने उनमें से एक का नाम अदेबोलाजो बताया।
बुधवार को लंदन के दक्षिणी इलाके में स्थित वूलविच में यह आतंकी हमला हुआ, बाद में पुलिस ने दोनों हमलावरों पर गोलीबारी कर उन्हें घायल कर दिया था। कैमरन ने कहा कि इसके काफी पुख्ता सुबूत मिले हैं कि यह एक आतंकी घटना थी।
मीडिया रपट के अनुसार अदेबोलाजो ग्रीनविच विश्वविद्यालय का छात्र था। फेसबुक पर कुछ छात्रों ने अपनी टिप्पणी में कहा है कि पूर्वी लंदन में वे उसके साथ स्कूल में पढ़ चुके हैं। इस आतंकी हमले की वजह से कैमरन ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ एक संकटकालीन बैठक की, और रक्षा मंत्रालय ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
रक्षा मंत्रालय ने कहा, `वूलविच में हुई घटना के कारण, वहां अतिरिक्त सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। जैसा कि आप उम्मीद करते हैं, हम इस मामले में ज्यादा विवरण नहीं दे पाएंगे।` (एजेंसी)
First Published: Thursday, May 23, 2013, 22:44