लेबनान में फिल्म विरोधी प्रदर्शन, एक की मौत

लेबनान में फिल्म विरोधी प्रदर्शन, एक की मौत

त्रिपोली : उत्तरी लेबनान में इस्लामवादियों की क्रुद्ध भीड़ ने केएफसी रेस्तरां में आज आग लगा दी। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक प्रदर्शनकारी मारा गया और 25 घायल हो गए।

खबर के अनुसार, 300 लोगों की भीड़ कथित रूप से इस्लाम विरोधी एक फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी। अमेरिका की प्रसिद्ध रेस्तरां श्रृंखला पर यह हमला उस दिन हुआ जबकि पोप बेंडिक्ट 16वें तीन दिन की यात्रा पर लेबनान आए हुए हैं। उन्होंने ईसाई मुस्लिम सह अस्तित्व पर जोर दिया और धार्मिक कट्टरता पर प्रहार किया।

बंदरगाह शहर के मध्य में स्थित एक मस्जिद से साप्ताहिक नमाज के बाद प्रदर्शनकारी बाहर निकले। उनके हाथ में पारंपरिक काला इस्लामी झंडा था तथा वे अमेरिका और पोप विरोधी नारे लगा रहे थे। जब वे दक्षिणी त्रिपोली में रेस्तरां के पास पहुंचे तो उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया जिससे पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में आंसू गैस छोड़ी और हवा में गोली चलायी। एक व्यक्ति गोली के घाव के कारण मारा गया। लेकिन पूरी परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो पायी हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, September 14, 2012, 22:09

comments powered by Disqus