Last Updated: Thursday, September 6, 2012, 12:14
वाशिंगटन : इंडियन नेशनल ओवरसीज कांग्रेस (आईएनओसी) अमेरिका ने कहा है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में भारत ने जबर्दस्त प्रगति की है तथा ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ के आर्थिक सुधारों के सूत्रधार पर लेख ने इस महान व्यक्ति के साथ घोर अन्याय किया है।
आईएनओसी अमेरिका के अध्यक्ष जार्ज अब्राहम ने ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ को लिखे गए पत्र में लिखा है कि यह लेख वास्तव में उस महान व्यक्ति के साथ घोर अन्याय है जिसका भारतीय अर्थव्यवस्था में सुधार करने में उसकी महान दूरदर्शिता के लिए हमेशा ही सम्मान किया जाएगा।
अब्राहम ने कहा कि ‘महान नेता’ की उपलब्धियों की ‘निंदा’ करने वाले वाशिंगटन पोस्ट के लेख में स्पष्ट रूप से ‘वस्तुनिष्ठता की कमी’ है तथा यह पूर्वाग्रह और पक्षपातपूर्ण दृष्टिकोण से प्रभावित है।
उन्होंने पत्र में लिखा है कि डा. मनमोहन सिंह भारत की नयी अर्थव्यवस्था के मुख्य शिल्पकार हैं। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र केंद्रित अर्थव्यवस्था वाली केंद्रीय योजना अपनाई और उसकी दिशा बदल दी। उन्होंने जो हासिल किया है वह असाधारण है।
उन्होंने लिखा है कि वास्तव में यह नाटकीय परिवर्तन ऐसे व्यक्ति की तस्वीर बनाता है जो कि एक तरह के क्रांतिकारी की तरह हैं। यदि भारत 21वीं सदी में प्रवेश किया है तो इसमें वर्तमान प्रधानमंत्री का काफी योगदान है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार किसी विशेष राजनीतिक पार्टी तक सीमित नहीं है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, September 6, 2012, 12:14