Last Updated: Monday, September 10, 2012, 19:18

टोक्यो : जापान की सरकार ने सोमवार को कहा कि उसने पूर्वी चीन सागर में कई विवादित द्वीपों को उनके मालिकों से खरीदने का फैसला किया है। उसका यह कदम चीन को भड़का सकता है।
मुख्य कैबिनेट सचिव ओसामु फुजीमुरा ने बताया कि जापान की योजना पूर्वी चीन सागर में तीन निर्जन द्वीपों को उस जापानी परिवार से खरीदने की योजना है, जिसे इनका मालिक माना जाता है।
चीन एवं ताईवान ने भी इन द्वीपों पर दावा किया है। इन द्वीप समूहों को जापान ‘सेनकाकू’ और चीन ‘दियाउ’ के नाम से पुकारता है।
फुजीमारा ने कहा कि कैबिनेट मंत्रियों की एक बैठक में यह फैसला किया गया, जो इस खरीद की योजना में शामिल थे।
प्रधानमंत्री योशीहीको नोदा के नेतृत्व में पूरे मंत्रिमंडल द्वारा कल इस फैसले को मंजूरी प्रदान किए जाने की उम्मीद है।
फुजीमारा ने कहा कि इन द्वीपों का राष्ट्रीयकरण करने का फैसला यह दर्शाता है कि जापान एक स्थिर और सुरक्षित माहौल पैदा करने का आकांक्षी है, न कि चीन को भड़काने का।
फुजीमारा ने कहा, हमें उम्मीद है कि किसी तरह की गलतफहमी नहीं होगी।
उधर, बीजिंग में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता होंग लेई ने कहा कि चीन इन द्वीपों पर अपनी संप्रभुता की हिफाजत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, हम इस घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे हुए हैं और चीन की संप्रभुता की हिफाजत के लिए जरूरी कार्रवाई करेंगे। (एजेंसी)
First Published: Monday, September 10, 2012, 19:18