विश्व भर में भारतीयों ने मनाया स्वतंत्रता दिवस

विश्व भर में भारतीयों ने मनाया स्वतंत्रता दिवस

बीजिंग/मॉस्को : विश्व भर में भारतीयों ने बुधवार को देश का 66वां स्वतंत्रता दिवस शान से मनाया। उन्होंने इस मौके पर तिरंगा झंडा फहराया और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए देशभक्ति के रंग बिखेरे। चीन में भारत के राजदूत एस. जयशंकर ने बीजिंग में मिशन की नवनिर्मित इमारत में राष्ट्रीय ध्वज फहराया । इस मौके पर बड़ी संख्या में भारतीय पेशेवर और उनके परिवार के लोग उपस्थित थे।

इसके बाद राजदूत ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का संदेश पढ़कर सुनाया और फिर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। रूस में भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत मॉस्को में भारतीय दूत अजय मल्होत्रा द्वारा तिरंगा फहराने के साथ हुई।

इसके बाद मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास के स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति के गीत गाए। मॉस्को में रह रहे भारतीय समुदाय ने अपनी मातृभूमि के प्रति प्रेम व्यक्त करते हुए दूतावास में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर भारत के मित्र भी उपस्थित थे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर मॉस्को में आज शाम भारत का ‘कर्नाट्रिक्स’ संगीत समूह एक विशेष प्रस्तुति देगा। इसी तरह के कार्यक्रम समूचे रूस में अन्या क्षेत्रों के अतिरिक्त सेंट पीटर्सबर्ग और व्लादिवोस्तोक स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावासों में भी हुए ।

श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त अशोक के. कांत ने बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में कोलंबो स्थित मिशन परिसर में झंडा फहराया। नेपाल में राजदूत जयंत प्रसाद ने काठमांडो स्थित भारतीय दूतावास में तिरंगा फहराया। इस अवसर पर राजनयिक, व्यावसायिक समुदाय की हस्तियां, मीडियाकर्मी, छात्र..छात्रा और बड़ी संख्या में नेपाल में रह रहे भारतीय नागरिक मौजूद थे।

इस अवसर पर भारत ने नेपाल के विभिन्न संगठनों और स्कूलों को 20 एंबुलेंस और चार बसें भेंट कीं । भारत ने 25 शैक्षिक और प्रशिक्षण संस्थानों को किताबें भी दान कीं। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, August 15, 2012, 17:25

comments powered by Disqus