Last Updated: Tuesday, December 27, 2011, 09:36
बीजिंग : अब चीन भी अमेरिका की राह पर चल पड़ा है। ‘अवैध प्रवेश पर रोक’ लगाने के लिए चीन अपने यहां आने वाले विदेशियों के लिए अमेरिका जैसे वीजा नियमों को लागू करेगा यानी अब चीनी वीजा हासिल करने के लिए फिंगर प्रिंट जैसे जैविक पहचान देने होंगे।
चीन में प्रवेश और प्रस्थान पर प्रस्तावित नियम पर फिलहाल चीनी संसद ‘नेशनल पीपुल्स कांग्रेस’ विचार कर रही है। इसमें पहली बार जन सुरक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को फिंगर प्रिंट जैसे जैविक पहचान से जुड़े आंकड़े हासिल करने के लिए तंत्र बनाने का अधिकार प्रदान किया गया है।
सरकारी मीडिया की खबरों में कहा गया है कि प्रस्तावित कानून में आवासीय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने पर विदेशियों को जन सुरक्षा से जुड़े विभागों को फिंगर प्रिंट देना होगा। चीन में आवासीय स्वीकृति से जुड़े नियम पहले से ही कड़े हैं। यह प्रमाण पत्र चीन में कार्यरत विदेशियों को दिया जाता है।
आवासीय वीजा हासिल करने से पहले पत्रकारों समेत सभी विदेशियों को चीन आगमन पर स्वास्थ्य जांच करना होता है और 24 घंटे के भीतर निकटवर्ती पुलिस थाने में रिपोर्ट करना पड़ता है।
(एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 27, 2011, 15:06