वैज्ञानिक रामकृष्णन को नाइटहुड की उपाधि - Zee News हिंदी

वैज्ञानिक रामकृष्णन को नाइटहुड की उपाधि

 लंदन : भारतीय मूल के वैज्ञानिक वेंकटरमन रामकृष्णन को नाइटहुड की उपाधि प्रदान की जाएगी। रामकृष्णन को वर्ष 2009 में मॉलिक्युलर बॉयोलॉजी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए रसायन शास्त्र के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

 

रामकृष्णन भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक हैं। उन्हें यह सम्मान शाही प्रतिष्ठान की ओर से ब्रिटेन में रहने वाले विदेशियों की विशेष उपलब्धि को रेखांकित करने के लिए दिया जा रहा है। उन्हें ‘न्यू ईयर्स ऑनर्स लिस्ट 2012’ में नाइटहुड की उपाधि के लिए चुना गया है। लोगों के बीच वेंकी के नाम से मशहूर रामकृष्णन कैम्ब्रिज स्थित एमआरसी लेबोरेटॅरी ऑफ मॉलिक्युलर बायोलॉजी में काम करते हैं। आधिकारिक घोषणा में कहा गया है कि मॉलिक्युलर बॉयोलॉजी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें नाइटहुड की उपाधि दी जा रही है।

 

रामकृष्णन ने कहा, ‘हाल ही में आव्रजन के बारे में चल रही बहस में यह बात देखने लायक है कि यह पुरस्कार ब्रिटेन के समाज में आव्रजकों के योगदान का एक अन्य उदाहरण है। यहां तक कि लेबोरेटॅरी ऑफ मॉलिक्युलर बायोलॉजी के कई संस्थापक सदस्य भी आव्रजक थे और उन्होंने आधुनिक जीवविज्ञान में क्रांति लाने का काम किया है। यह पुरस्कार मेडिकल रिसर्च काउंसिल की ओर से विज्ञान के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण कार्य को दर्शाता है।

 
इस उपाधि से सम्मानित लोग सामान्यत: अपने नाम के साथ ‘सर’ शब्द का प्रयोग नहीं करते हैं लेकिन लोगों में उन्हें इसी नाम से जाता जाता है। उदाहरण के लिए वेस्टइंडीज के क्रिकेटर ‘सर गारफील्ड सोबर्स’। रामकृष्णन के अलावा ब्रिटेन में रहने वाले दो अन्य विदेशी मूल के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित जिन्हें वर्ष 2012 के नाइटहुट सम्मान वालों की सूची में रखा गया है।  तमिलनाडु के चिदंबरम में जन्मे रामकृष्णन ने बड़ौदा विश्वविद्यालय, ओहियो विश्वविद्यालय तथा सैनडियागो स्थित कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में पढ़ाई की है। वर्ष 2010 में उन्हें पद्म विभूषण सम्मान दिया गया।

 

‘न्यू ईयर्स ऑनर्स लिस्ट 2012’ में सम्मानित किए जाने वाले भारतीय मूल के अन्य नागरिकों में प्रोफेसर दिनेश कुमार माखन लाइ भुगरा शामिल हैं। क्लब 25 फॉर यंग पीपल के संस्थापक अनंत बारोडकर को युवाओं के लिए काम करने की खातिर सम्मानित किया जाएगा। परिवहन विभाग के ‘कम्युनिटी रेल टीम लीडर’ के कुलविंदर बस्सी को परिवहन के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा। उनके अलावा पंजाब रेडियो के संस्थापक सुरजीत सिंह घूमन, डॉ हसमुख जोशी, डॉ रमन कपूर, मधुरिका पटेल, हरबंस कौर सिंह, बख्शीश सिंह सोढ़ी और क्रिकेटर उमेश वालजी को भी सम्मानित किया जाएगा। (एजेंसी)

First Published: Saturday, December 31, 2011, 11:52

comments powered by Disqus