Last Updated: Thursday, November 29, 2012, 16:49
कुंदूज (अफगानिस्तान) : अफगानिस्तान में 15 वर्षीय एक लड़की के परिवार द्वारा शादी प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद उसकी गला काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने कहा कि इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता सैयद सरवर हुसैनी ने कहा कि लड़की उत्तरी कुंदूज प्रांत से अपने घर के लिए कल पानी ढोकर ले जा रही थी तभी उसकी हत्या कर दी गई ।
उन्होंने कहा, दो लोगों ने उस पर हमला किया और चाकू से उसका गला काट दिया। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस हिरासत में रखा गया है। हुसैनी ने कहा कि एक संदिग्ध ने लड़की से शादी का प्रस्ताव दिया था लेकिन उसके परिवार ने पेशकश को ठुकरा दिया।
अमेरिका के नेतृत्व में सैनिकों द्वारा करीब एक दशक पहले अफगानिस्तान से तालिबान को सत्ता से बेदखल करने के बावजूद रूढ़िवादी मुस्लिम देश में महिलाओं एवं लड़कियों के खिलाफ हिंसा एक बड़ी समस्या बनी हुई है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, November 29, 2012, 16:49