शिया समारोह से पहले हमला, 11 की मौत

शिया समारोह से पहले हमला, 11 की मौत

बगदाद : शिया समारोह से पहले मध्य इराक में जुबैदिया नगर स्थित एक बाजार में आज सुबह कार बम विस्फोट में कम से कम आठ लोग मारे गए जबकि बगदाद में एक अन्य घटना में तीन लोग मारे गए।

शुक्रवार को शिया इस्लाम पंथ के एक महत्वपूर्ण व्यक्ति की जयंती मनाई जानी है जिसे लेकर पूरे देश के शिया बहुल क्षेत्रों में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। सुरक्षा बलों और अजीजिया अस्पताल के अधिकारियों ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि हमला स्थानीय समयानुसार सुबह नौ बजकर 15 मिनट पर हुआ। इस कार विस्फोट में आठ लोग मारे गए और 22 घायल हो गए।

चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है और घायलों में बच्चे और महिलाएं दोनों शामिल हैं। सुबह बगदाद में साईलेंसर लगे हुए पिस्तौल से कई हमले हुए जिसमें तीन लोग मारे गए। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी और अल-किन्दी अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि एक घटना में सिर पर गोली लगने से पुलिसकर्मी की मौत हो गई।

गृह मंत्रालय के एक अधिकारी और यरमुक अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि दूसरी घटना में सादा कपड़े पहने पुलिस के फर्स्ट लेफ्टिनेंट की गोली लगने से मौत हो गई।

गृह मंत्रालय के एक अधिकारी और यरमुक अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि तीसरी घटना में इराक के संसद में काम करने वाले एक कर्मचारी की मौत हो गई। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, July 4, 2012, 17:47

comments powered by Disqus