Last Updated: Sunday, April 7, 2013, 18:00
कोलंबो : श्रीलंकाई नौसेना ने कथित रूप से देश के समुद्री जल क्षेत्र में मछली पकड़ने पर भारत के 30 मछुआरों को गिरफ्तार किया है जिससे पिछले दो दिन में गिरफ्तार कुल भारतीय मछुआरों की संख्या 56 पहुंच गई है।
अधिकारियों ने आज कहा कि शुक्रवार को 26 भारतीय मछुआरों और छह नौकाओं को जब्त करने के बाद श्रीलंकाई नौसेना ने कल रात 30 अन्य भारतीय मछुआरों और उनकी छह नौकाओं को पकड़ा है।
नौसेना के प्रवक्ता कमांडर कोसला वार्नाकुलासूर्या ने कहा कि 30 भारतीय मछुआरों और उनकी नौकाओं को कल रात श्रीलंकाई जल सीमा में घुसने पर उत्तरी जाफना प्रायद्वीप के तलाइमन्नार के तट से पकड़ा गया। उन्हें जरूरी कार्रवाई के लिए तलाइमन्नार पुलिस को सौंपा जाएगा।
इस बीच, नौसेना ने कहा कि प्वाइंट प्रेडो मजिस्ट्रेट की अदालत ने शुक्रवार को गिरफ्तार 26 मछुआरों को 11 अप्रैल तक हिरासत में रखने का आदेश दिया है। इससे पहले नौसेना ने कहा था कि 25 भारतीय मछुआरों को शुकवार को गिरफ्तार किया गया लेकिन बाद में आंकड़ों में सुधार करते हुए यह संख्या 26 बताई गई। (एजेंसी)
First Published: Sunday, April 7, 2013, 18:00